*खुरपका-मुंहपका उन्मूलन की दिशा में बड़ा कदम: महराजगंज में टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ!*

News 18 Plus /Bureau: Maharajganj

 

महराजगंज 22 जुलाई 2026 राष्ट्रीय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत पशुधन को अत्यंत संक्रामक एवं आर्थिक दृष्टि से नुकसानदायक खुरपका-मुंहपका (FMD) रोग से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जनपद में आठवें चरण के टीकाकरण अभियान का शुभारंभ बुधवार को किया गया। विकास भवन परिसर से मुख्य विकास अधिकारी ने मोबाइल वेटरिनरी यूनिट एवं बहुद्देशीय सचल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।

 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक पात्र गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशु का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी मोबाइल टीकाकरण दल निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गांव-गांव एवं घर-घर पहुंचकर समयबद्ध ढंग से टीकाकरण करें। साथ ही प्रत्येक पशु की ईयर टैगिंग एवं भारत पशुधन पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण भी अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी एवं प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए, ताकि तय समय में लक्ष्य पूर्ण हो सके।

 

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित इस राष्ट्रव्यापी अभियान का लक्ष्य वर्ष 2030 तक देश से खुरपका-मुंहपका (FMD) रोग का पूर्ण उन्मूलन करना है। अभियान के तहत जनपद के सभी गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षित मोबाइल टीकाकरण दल गठित किए गए हैं, जो पशुपालकों के घर-घर जाकर टीकाकरण करेंगे।

 

उन्होंने बताया कि प्रत्येक टीकाकृत पशु की पहचान के लिए उसके कान में 12 अंकों का विशिष्ट ईयर टैग लगाया जाएगा और पशु व उसके स्वामी का विवरण भारत पशुधन पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। टीकाकरण के उपरांत भारत पशुधन एप पर ओटीपी आधारित पंजीकरण भी अनिवार्य होगा, जिसके लिए पशुपालकों को अपने मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी टीकाकर्ता को उपलब्ध कराना होगा।

 

पशुपालकों से अपील करते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कहा कि चार माह से अधिक आयु के सभी पात्र गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं (बछड़ा, बछड़िया, पड़िया एवं पड़वा सहित) का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं। उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग से पशुओं के दुग्ध उत्पादन एवं कार्यक्षमता में भारी गिरावट आती है, जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। समय पर टीकाकरण ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

 

यह विशेष टीकाकरण अभियान 22 जुलाई से 8 सितम्बर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अधिक जानकारी या सहायता के लिए पशुपालक अपने निकटतम राजकीय पशु चिकित्सालय, टोल फ्री नंबर 1800-180-5141 अथवा जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 8765957962 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

अभियान के शुभारंभ अवसर पर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) डॉ. विनोद कुमार विश्वकर्मा, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (पशुधन) डॉ. सतीश कुमार वर्मा, जनपदीय नोडल अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *