News 18 Plus /Bureau /Maharajganj
महराजगंज: कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर रोटरी क्लब महराजगंज एवं संयुक्त व्यापार मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को जिला अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
रोटरी क्लब के सचिव आत्माराम गुप्त ने बताया कि शिविर का उद्देश्य कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा मानव सेवा के लिए समाज को प्रेरित करना था।शिविर में संयुक्त व्यापार मोर्चा के महामंत्री दामोदर गोयल, दीपक गुप्त, संजय गुप्ता, संदीप कुमार गुप्त एवं आकाश कसौधन सहित अनेक लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया और समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व का परिचय दिया।उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा महादान है, जिससे किसी अज्ञात जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब महाराजगंज के अध्यक्ष रो. एड. हमीदुल्लाह खान, संयुक्त व्यापार मोर्चा के संयोजक पशुपतिनाथ गुप्त, रोटरी क्लब के संस्थापक अध्यक्ष रो. विन्ध्यवासिनी सिंह तथा जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ए. वी. त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मानवता का सच्चा सेवक बताया।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष रो. एड. हमीदुल्लाह खान ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी इंटरनेशनल का मूल उद्देश्य निस्वार्थ मानव सेवा है। रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि जीवन बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।
संयुक्त व्यापार मोर्चा के संयोजक पशुपतिनाथ गुप्त ने कहा कि व्यापारी समाज सदैव सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। प्राकृतिक आपदाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याण के कार्यों में व्यापारियों ने हमेशा बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संयुक्त व्यापार मोर्चा रोटरी क्लब के साथ मिलकर ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
रोटरी क्लब के संस्थापक अध्यक्ष रो. विन्ध्यवासिनी सिंह ने कहा कि कारगिल के वीर शहीदों का सर्वोच्च बलिदान हमें राष्ट्रसेवा और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन की रक्षा के लिए आगे आएं। रक्तदान इसी भावना का सबसे श्रेष्ठ उदाहरण है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ए. वी. त्रिपाठी ने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने बताया कि स्वस्थ व्यक्ति नियमित अंतराल पर सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है और इससे स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस महाअभियान से जुड़ने की अपील की।
शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से ही ऐसे सेवा कार्य सफल हो पाते हैं।
कार्यक्रम में संयुक्त व्यापार मोर्चा के संरक्षक रामप्रीत गुप्त, रोटरी क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, उपाध्यक्ष विजय सिंह संत, डॉ. डी. के. साहनी, डॉ. राजीव मद्धेशिया, डॉ. सलीम खान, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार मौर्य, डॉ. तरन्नुम सुल्ताना, पूर्व सचिव देवेश पांडे, डॉ. कृष्णा साहनी, विनोद कुमार गुप्ता, पूर्व कोषाध्यक्ष दशरथ गुप्ता, डॉ. साजिद अहरारी, महेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. एस. जेड. आबदीन, रवि गोयंका, हरीकेश बहादुर सिंह, अजय कुमार अग्रहरी, बद्री विशाल गुप्ता, राममिलन चौरसिया, सुरेंद्र गुप्ता, आकाश कसौधन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं रोटरी क्लब तथा संयुक्त व्यापार मोर्चा के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।