*श्रावण मास में सिसवा की सड़कों पर पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च!*

News 18 Plus /Bureau: Siswa Kothibar

महराजगंज। श्रावण मास के मद्देनजर सिसवा कस्बे में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोठीभार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बे के प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त करते हुए फ्लैग मार्च किया। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से जहां असामाजिक तत्वों में खलबली मची रही, वहीं आमजन में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ।

 

फ्लैग मार्च के दौरान चौकी इंचार्ज दिव्य प्रकाश मौर्य, राहुल राय समेत पुलिस बल ने कस्बे के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस टीम ने दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

 

पुलिस की पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने लोगों को स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में शांति भंग करने, अराजकता फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की लगातार मौजूदगी का उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते नियंत्रित करना और आमजन के बीच सुरक्षा का विश्वास कायम रखना है।

 

कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने कहा कि पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में श्रावण मास के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया जा रहा है। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस की सक्रिय निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने बाजार में आने-जाने वाले लोगों और दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की जानकारी भी ली। पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि श्रावण मास के दौरान क्षेत्र की शांति व्यवस्था में किसी भी प्रकार का खलल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिसवा कस्बे में निकले फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। पुलिस की यह सक्रियता श्रावण मास के दौरान लगातार जारी रहने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *