*निचलौल में मौत का सिलसिला! तीसरे शव की पहचान, सवालों के घेरे में पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था।*

Bureau Report /Dilip Kumar Pandey /Nichlaul Correspondent /News 18 Plus

 

महराजगंज (निचलौल),बुधवार निचलौल थाना क्षेत्र इन दिनों रहस्यमयी मौतों का केंद्र बनता जा रहा है। तेरह चार नहर पुल के पास मंगलवार को मिले अज्ञात शव की पहचान बुधवार को नेपाल निवासी वीरेंद्र कोहार के रूप में होते ही पूरे इलाके में एक बार फिर सनसनी फैल गई। लगातार मिल रहे शवों ने स्थानीय लोगों में दहशत और गुस्सा दोनों पैदा कर दिया है।

 

मृतक वीरेंद्र कोहार नेपाल के नवलपरासी जिले के बेलाटारी थाना क्षेत्र के प्रतापपुर पांच, धर्मरौली गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शव मिलने के बाद पुलिस ने शिनाख्त के लिए प्रयास तेज किए थे। बुधवार को परिजन थाने पहुंचे और पोस्टमार्टम हाउस में शव की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने औपचारिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

 

थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह के अनुसार, मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर निचलौल में लगातार शव मिलने की घटनाएं क्यों बढ़ रही हैं?

 

तीसरा शव, बढ़ता डर और अनुत्तरित सवाल

नए थानाध्यक्ष के कार्यभार संभालने के बाद यह लगातार तीसरा शव बरामद हुआ है। यह संयोग है या किसी बड़ी साजिश का संकेत—इस पर प्रशासन मौन है। इलाके में यह चर्चा जोरों पर है कि ये घटनाएं हत्या हैं, आत्महत्या या फिर किसी संगठित अपराध का हिस्सा?

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोग खुलेआम पूछ रहे हैं कि आखिर नहर पुल और आसपास के इलाकों में ही क्यों मिल रहे हैं शव? क्या यह कोई तयशुदा जगह बन चुकी है?

 

पुलिस जांच के दावे, लेकिन भरोसा कमजोर

पुलिस भले ही हर पहलू से जांच की बात कर रही हो, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाओं ने आम लोगों का भरोसा हिला दिया है। हर नई लाश के साथ डर और रहस्य और गहराता जा रहा है।

 

अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं। लेकिन जब तक इन मौतों का सच सामने नहीं आता, निचलौल में दहशत का माहौल यूं ही बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *