निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए सुरक्षा, सीसीटीवी व व्यवस्थाओं का लिया जायजा!
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: महराजगंज
महराजगंज में आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने सोमवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महामाया आईटी पॉलिटेक्निक, डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा जी.एस.वी.एस. इंटर कॉलेज, महराजगंज का भ्रमण किया। इस दौरान परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया तथा कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की गई।
अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही निर्देश दिए गए कि शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनपद प्रशासन एवं महराजगंज पुलिस द्वारा पुलिस भर्ती परीक्षा को पूर्ण सुरक्षा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना प्रभारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।