*बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट: रोहिन नदी के तटबंधों का संयुक्त निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त!*

Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj 

 

महराजगंज, 07 अगस्त 2026:जनपद में बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने और संभावित बाढ़ की स्थिति के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को उपजिलाधिकारी सदर एवं तहसीलदार सदर ने सिंचाई विभाग (बाढ़ खंड) के अधिकारियों के साथ तहसील सदर क्षेत्र में रोहिन नदी पर स्थित प्रमुख तटबंधों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान जरडी-डोमरा तटबंध (बायां तट), चेहरी तटबंध (बायां तट), अमहवां रिंग तटबंध (बायां तट), लक्ष्मीपुर रिंग तटबंध (बायां तट) तथा अनंतपुर-बड़हरा तटबंध (बायां तट) का गहन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने तटबंधों की संरचनात्मक स्थिति, सुरक्षा उपायों, संवेदनशील स्थलों और बाढ़ सुरक्षा सामग्री की उपलब्धता का बारीकी से परीक्षण किया। साथ ही विभाग द्वारा किए गए सभी सुरक्षात्मक कार्यों का भी जायजा लिया गया।

 

निरीक्षण में तटबंधों की स्थिति संतोषजनक पाई गई, हालांकि अधिकारियों ने निर्देश दिया कि आपातकालीन स्थिति में स्थापित की जाने वाली बाढ़ चौकियों पर सभी आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तेजी और प्रभावी तरीके से संचालित किए जा सकें।

 

इसके साथ ही तटबंधों पर लगातार निगरानी बनाए रखने, संभावित कटान, रिसाव या अन्य असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल देने तथा आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

 

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ से जुड़ी सभी तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय और पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *