विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का दावा, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो सत्यम सोनी/महराजगंज
महराजगंज। परसामलिक थाना क्षेत्र के निपनिया गांव में एक महिला ने गांव के ही युवक पर रात में घर में घुसकर सोते समय उसके साथ अश्लील हरकत करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता प्रियंका चौधरी पत्नी सुनील चौधरी ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज को प्रार्थना पत्र देकर मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के मुताबिक, 18 सितंबर 2026 की रात करीब 11 बजे वह अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान गांव का ही अशफाक पुत्र शब्बीर कथित रूप से छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। महिला के जागने और विरोध करने पर आरोपी द्वारा कथित तौर पर जोर-जबरदस्ती की गई।
महिला के शोर मचाने पर बच्चे जाग गए। आरोप है कि इसके बाद युवक जान से मारने की धमकी देते हुए छत के रास्ते मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने अगले दिन पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
एफआईआर दर्ज न करने का लगाया आरोप
पीड़िता का आरोप है कि घटना की जानकारी पुलिस को देने के बावजूद उसकी शिकायत पर गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि मामले को गंभीरता से लेने के बजाय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए उसे छोड़ दिया।
पीड़िता ने पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
एसपी से कार्रवाई की मांग
पीड़िता प्रियंका चौधरी ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज से मामले का संज्ञान लेकर घटना की जांच कराने, आरोपों के आधार पर आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज करने तथा आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
हालांकि, मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है। आरोपों की पुष्टि जांच और पुलिस की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।