नाबालिग ई-रिक्शा चालकों पर महराजगंज पुलिस का शिकंजा, 91 ई-रिक्शा सीज! यातायात नियम तोड़ने वाले 215 ई-रिक्शा का चालान, वाहन स्वामियों और अभिभावकों को दी गई सख्त चेतावनी।

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने पर प्रभावी रोक लगाने के लिए महराजगंज पुलिस ने सोमवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थानों की पुलिस ने नाबालिग ई-रिक्शा चालकों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।

 

चेकिंग के दौरान नाबालिगों द्वारा संचालित तथा बिना वैध कागजात के चल रहे 91 ई-रिक्शा सीज किए गए। वहीं, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, अवैध पार्किंग सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 215 ई-रिक्शा का चालान किया गया।

 

अभियान के दौरान पुलिस ने नाबालिग चालकों के परिजनों और ई-रिक्शा स्वामियों को सख्त चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए न दिया जाए। ऐसा पाए जाने पर वाहन स्वामी और अभिभावक दोनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

महराजगंज पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करने और नाबालिग बच्चों से वाहन नहीं चलवाने की अपील की है। पुलिस के अनुसार सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *