*दुर्गा मंदिर के पीछे ‘मिट्टी का साम्राज्य’! वायरल वीडियो ने खोली गेरमा की परतें, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल।*

Bureau Report /Anubhav Patel /Siswa Kothibar /Correspondent/ News 18 Plus 

 

महराजगंज:जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासनिक सख्ती के दावों के बीच सिसवा ब्लॉक की ग्राम सभा गेरमा से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। दुर्गा मंदिर के पीछे स्थित तालाब से कथित तौर पर जेसीबी मशीन के जरिए बड़े पैमाने पर मिट्टी निकाले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद गांव से लेकर प्रशासनिक गलियारों तक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि ग्राम सभा के रकबा संख्या 504 स्थित तालाब में मनरेगा और सुंदरीकरण कार्य के नाम पर मिट्टी की खुदाई कराई गई। आरोप है कि निकाली गई मिट्टी का उपयोग सार्वजनिक कार्यों में न होकर निजी तौर पर बिक्री और अन्य स्थानों पर भेजने के लिए किया गया। वीडियो में ग्राम प्रधान राजेश यादव और जेसीबी संचालक सुनील सिंह का नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तालाब का उद्देश्य जल संरक्षण और गांव की जरूरतों को पूरा करना है, वहीं यदि उसे कमाई का जरिया बना दिया जाए तो यह सरकारी योजनाओं की मंशा पर सीधा प्रहार है। ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि पहले भी अवैध खनन को लेकर कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई का परिणाम धरातल पर नजर नहीं आया।

 

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर अवैध खनन रोकने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, तब आखिर किसके संरक्षण में सार्वजनिक भूमि पर कथित तौर पर जेसीबी गरजती रही? क्या जिम्मेदार विभागों को इसकी भनक नहीं लगी, या फिर सब कुछ जानते हुए भी आंखें मूंद ली गईं?

फिलहाल वायरल वीडियो ने प्रशासन के लिए कई असहज सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की निगाहें जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं।

फिलहाल वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। मामले की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *