रिपोर्ट:ब्यूरो महराजगंज
नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल का संवेदनशील और मानवीय व्यक्तित्व कार्यभार ग्रहण करते ही देखने को मिला।
कलेक्ट्रेट में स्वागत कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट में लंबे समय से सेवाएं दे रहे नजारत चपरासी श्री समीम को स्वयं बुलाकर पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
जब एक ओर वरिष्ठ अधिकारी जिलाधिकारी का स्वागत कर रहे थे, उसी समय जिलाधिकारी महोदय ने सभागार में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को अपने पास बुलाया और उन्हें बुके भेंट किया। इस अप्रत्याशित सम्मान को देखकर उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारी भावुक हो उठे।
जिलाधिकारी महोदय ने श्री समीम से बात करते हुए कहा कि वे उन्हें अपने पूर्व कार्यकाल से ही लगातार मेहनत करते हुए देख रहे हैं और ऐसे कर्मियों के योगदान से ही प्रशासनिक व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर कर्मचारी प्रशासन की रीढ़ है और सभी का सम्मान समान रूप से महत्वपूर्ण है।
इस सम्मान से अभिभूत समीम ने भावुक होकर कहा कि उन्हें आज तक ऐसा सम्मान और आत्मीयता कहीं नहीं मिली थी। उन्होंने कहा कि यह क्षण उन्हें जीवन भर याद रहेगा। हम लोग एक किनारे खड़े होकर तमाम आयोजनों को होते हुए देखते हैं, आज पहली बार जिले के मुखिया ने अपने पास बुलाकर इतना बड़ा सम्मान दिया है।