नवागत जिलाधिकारी का महराजगंज प्रवास, विकास व जनहित योजनाओं पर दिया जोर।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

महराजगंज, 06 मई 2026। जनपद महराजगंज में नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पूर्वान्ह में कलेक्ट्रेट पहुंचने पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस बल द्वारा उन्हें औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।

 

पदभार ग्रहण करने के उपरांत जिलाधिकारी ने कोषागार में आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कीं। इसके पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यालयाध्यक्षों से परिचय प्राप्त किया और प्रशासनिक प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया।

 

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी एवं समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विशेष रूप से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित “लखपति दीदी” योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।

 

नगर विकास को प्राथमिकता में रखते हुए उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण के प्रभावी संचालन पर बल दिया और कहा कि जनपद को स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श जनपद के रूप में स्थापित किया जाए। इसके लिए सभी विभागों के समन्वित प्रयास आवश्यक होंगे।

 

जिलाधिकारी ने राजस्व वादों के निस्तारण को भी शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिया कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ लेकर उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को शीघ्र न्याय एवं राहत मिल सके।

 

इसके अतिरिक्त उन्होंने स्वगणना को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।

 

अंत में उन्होंने कहा कि शासन एवं मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी अधिकारियों को टीम भावना, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी मिलकर जनपद के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *