*अमेरिकी नागरिक की सोनौली सीमा पर संदिग्ध एंट्री की कोशिश नाकाम, एसएसबी ने हिरासत में लेकर शुरू की गहन जांच।*

Bureau Report /Mo. Akram Khan Sonauli Correspondent /News 18 Plus 

 

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार रात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक अमेरिकी नागरिक को बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास करते हुए हिरासत में लिया। घटना के बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं तथा विदेशी नागरिक की पहचान, यात्रा के उद्देश्य और उसके दावों का गहन सत्यापन किया जा रहा है।

 

एसएसबी के अधिकारियों के अनुसार शनिवार रात करीब 9 बजे सीमा स्तंभ संख्या 516 के निकट एक विदेशी नागरिक नेपाल की ओर बढ़ता दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात जवानों ने जब उसे रोककर आवश्यक दस्तावेज दिखाने को कहा तो वह मौके से भागने लगा। जवानों ने तत्काल पीछा कर उसे पकड़ लिया और कंपनी मुख्यालय लाकर पूछताछ शुरू की।

 

प्रारंभिक पूछताछ में विदेशी नागरिक ने अपना नाम सैम ब्राउन बताते हुए खुद को अमेरिका के कैलिफोर्निया का निवासी बताया। उसने दावा किया कि उसका पासपोर्ट बेंगलुरु में रहने वाले एक परिचित के पास है, जिसके कारण वह अपने पास कोई वैध यात्रा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने यह भी बताया कि गोवा में उसकी मुलाकात नेपाल के एक व्यक्ति से हुई थी, जिससे मिलने के लिए वह सोनौली पहुंचा था। हालांकि पूछताछ के दौरान वह उस व्यक्ति का पूरा पता या अन्य विश्वसनीय जानकारी नहीं दे सका।

 

विदेशी नागरिक ने दावा किया कि उसने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई की है तथा वह अमेरिकी नेवी की स्पेशल फोर्स में कार्य कर चुका है। उसके अनुसार उसने करीब दो वर्ष पहले नौकरी छोड़ दी थी और अब तक लगभग 70 देशों की यात्रा कर चुका है। उसने बताया कि भारत आने से पहले वह बाली में था और करीब आठ सप्ताह पूर्व अमेरिका से गोवा पहुंचा, जहां लगभग छह सप्ताह तक रुका।

 

तलाशी के दौरान उसके पास से 31,460 रुपये नकद तथा प्रोटीन पाउडर का एक डिब्बा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने यह भी दावा किया कि वर्ष 2023 में इटली में उसकी मुलाकात उत्तराखंड निवासी चेतना नामक युवती से हुई थी और अक्टूबर 2024 में दोनों ने विवाह कर लिया। उसके अनुसार उसकी पत्नी योग प्रशिक्षक है।

 

फिलहाल एसएसबी, स्थानीय पुलिस और अन्य खुफिया एजेंसियां विदेशी नागरिक के सभी दावों, उसकी वास्तविक पहचान, यात्रा के उद्देश्य, पासपोर्ट की स्थिति और भारत-नेपाल सीमा तक पहुंचने की परिस्थितियों की विस्तार से जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *