न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/निचलौल
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के बैठवलिया पेट्रोल पंप के पास बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं युवक की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार गिरहिया गांव निवासी राजेश पुत्र सुभाष बुधवार को बाइक से किसी काम के सिलसिले में बैठवलिया पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे पेट्रोल पंप के समीप पहुंचते ही उसकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि राजेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
उधर, सूचना पर निचलौल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष योगेन्द्र राय ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के कारणों की जांच के साथ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।