सांप के डसने से मासूम की हालत नाजुक, खेलते-खेलते 4 वर्षीय बालक बना शिकार!

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बरगदही गांव में बुधवार की शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। घर के पास खेल रहे चार वर्षीय मासूम को अचानक सांप ने डस लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई और परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार, बरगदही निवासी ऐनुल हक का चार वर्षीय पुत्र आसिफ शाम करीब छह बजे घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते अचानक एक अज्ञात सांप ने उसके पैर में काट लिया। जैसे ही बालक दर्द से चीखने लगा, परिजन दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गए।

 

चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज के लिए रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर महराजगंज पहुंचे, जहां बालक का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

 

बताया जा रहा है कि आसिफ अपने माता-पिता की दो बेटियों के बीच इकलौता पुत्र है। इस घटना के बाद परिवार में मातम जैसा माहौल है और परिजन बच्चे की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं।

 

ग्रामीणों में भी घटना के बाद भय का माहौल है, वहीं लोगों ने क्षेत्र में सांपों के बढ़ते खतरे को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *