सीमा क्षेत्र में आयकर का बड़ा एक्शन: राइस मिल पर 24 घंटे से जांच, कारोबारियों में मचा हड़कंप!

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे महराजगंज जनपद में आयकर विभाग की सक्रियता ने राइस कारोबार से जुड़े व्यापारियों की धड़कनें तेज कर दी हैं। नौतनवा थाना क्षेत्र के संपतिया स्थित एक प्रमुख राइस मिल पर विभाग की टीम बीते 24 घंटे से डेरा डाले हुए है और लगातार जांच प्रक्रिया जारी है।

 

सूत्रों के अनुसार, आयकर अधिकारियों ने मिल परिसर को पूरी तरह अपनी निगरानी में ले रखा है। टीम वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों का विवरण, खरीद-बिक्री से जुड़े कागजात, स्टॉक रजिस्टर समेत अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन छानबीन कर रही है। इसके साथ ही मिल प्रबंधन और कर्मचारियों से पूछताछ का सिलसिला भी जारी है। जांच के दौरान बाहरी लोगों की आवाजाही पर विशेष नजर रखी जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या साक्ष्य से छेड़छाड़ न हो सके।

 

इस कार्रवाई की खबर फैलते ही जिले के अन्य राइस मिल संचालकों और व्यापारियों में बेचैनी बढ़ गई है। कई कारोबारी अपने दस्तावेजों और खातों को दुरुस्त करने में जुट गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में एक तरह का दबावपूर्ण माहौल बन गया है।

 

स्थानीय चर्चाओं में यह भी सामने आ रहा है कि जांच के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी और कुछ संवेदनशील दस्तावेज विभाग के संज्ञान में आए हैं, जिनका संबंध सीमा पार व्यापार से भी जोड़ा जा रहा है। हालांकि इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आयकर विभाग ने अब तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है।

 

फिलहाल जांच जारी है और माना जा रहा है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद विभाग इस पूरे मामले का खुलासा कर सकता है। तब तक सभी नजरें इस हाई-प्रोफाइल जांच के नतीजों पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *