न्यूज़ 18प्लस
तहसील प्रभारी — सत्यम सोनी
महराजगंज। नौतनवा नगर पालिका क्षेत्र एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में लाउडस्पीकर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग को लेकर हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। संगठन के पदाधिकारियों ने क्षेत्राधिकारी/उपजिलाधिकारी नौतनवा को ज्ञापन सौंपकर ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
नगर अध्यक्ष अभय जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र में कई स्थानों पर निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में लाउडस्पीकर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों, बुजुर्गों, मरीजों समेत आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पदाधिकारियों ने प्रशासन से धार्मिक स्थलों पर लगाए गए ध्वनि विस्तारक यंत्रों की जांच कराने तथा निर्धारित ध्वनि सीमा और लागू नियमों के अनुरूप ही उनके संचालन को सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही रात्रि के समय ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन कराने की भी मांग उठाई।
हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी धार्मिक गतिविधि को प्रभावित करना नहीं, बल्कि सभी धार्मिक स्थलों और नागरिकों के लिए समान रूप से ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान धर्मेंद्र यादव, देवेश साहनी, अंकित चतुर्वेदी, रिशु गुप्ता और नैतिक थापा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।