रेस्टोरेंट-होटल में नाबालिगों के प्रवेश के आरोप!कैमरे की निगरानी पर भी सवाल, शिकायतों के बाद पुलिस ने कहा होटल व रेस्टोरेंट के खिलाफ होगी आवश्यक कार्रवाई।

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/निचलौल

 

महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के थाना रोड स्थित मां वैष्णो गारमेंट के सामने संचालित एक रेस्टोरेंट, जिसे स्थानीय स्तर पर ‘चटोरी गली’ के नाम से जाना जाता है, इन दिनों गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है। आरोप है कि यहां नाबालिग लड़कियों को वयस्क युवकों के साथ बैठने के लिए जगह उपलब्ध कराई जाती है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

 

स्थानीय लोगों के मुताबिक रेस्टोरेंट परिसर में सुरक्षा के नाम पर कैमरे लगे होने की बात कही जाती है, लेकिन आरोप है कि जिस स्थान पर कथित रूप से युवक-युवतियां बैठते हैं, वहां निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ऐसे में सीसीटीवी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति और उसके उपयोग को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

एशियन होटल को लेकर भी गंभीर आरोप

 

इसी मामले से जुड़े आरोपों में थाना रोड स्थित एक होटल का नाम भी सामने आ रहा है। आरोप है कि युवतियों को होटल में ले जाने पर कमरे के साथ भोजन और नाश्ते के अलग-अलग शुल्क लिए जाते हैं। हालांकि इन आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। यदि शिकायतों में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो मामला केवल व्यावसायिक गतिविधि तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नाबालिगों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर कानूनी सवाल खड़े हो सकते हैं।

 

थाना रोड जैसे व्यस्त इलाके में गतिविधियों पर निगरानी की मांग

 

थाना रोड शहर का प्रमुख और व्यस्त क्षेत्र माना जाता है। आसपास प्रतिष्ठित परिवारों के आवास और विभिन्न व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी संचालित हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल और रेस्टोरेंट में आने-जाने वालों की गतिविधियों तथा नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और संबंधित विभाग को प्रभावी निगरानी करनी चाहिए।

 

पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा

 

मामले को लेकर थाना प्रभारी योगेंद्र राय ने बताया कि दोनों स्थानों से संबंधित शिकायतों और आरोपों की जांच कराई जाएगी। जांच में तथ्य सामने आने पर होटल एवं रेस्टोरेंट के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

अब सवाल यह है कि यदि इन प्रतिष्ठानों में नियमों की अनदेखी या नाबालिगों की सुरक्षा से जुड़ी कोई लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदारी तय करते हुए क्या कार्रवाई होती है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *