Bureau Report /Rajiv Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Co-Editor
महराजगंज, 16 जून 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में विद्युत वितरण, बिल वसूली, पीएम सूर्यघर योजना तथा आईजीआरएस/जन शिकायतों के निस्तारण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। प्रभारी नेडा ने बताया कि 15 जून 2026 तक जनपद में कुल 2762 पीएम सूर्यघर स्थापित किए जा चुके हैं। वित्तीय वर्ष में अप्रैल माह में 298, मई में 318 तथा जून में अब तक 191 संयंत्र स्थापित किए गए हैं। साथ ही 250 आवेदन वितरण हेतु एवं 616 आवेदन स्वीकृति हेतु लंबित बताए गए।
जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के लिए सभी बैंकों को निर्देशित करते हुए कहा कि यह शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी सरकारी भवनों को सोलर प्लांट से आच्छादित करने तथा ग्राम पंचायत भवनों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह योजना बिजली की खपत कम करने के साथ-साथ अतिरिक्त आय का अवसर भी प्रदान करती है।
विद्युत विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिया कि सरकारी प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को तत्काल हटाया जाए। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बीएसए से विद्यालयों की सूची प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
तेज हवा और आंधी को देखते हुए उन्होंने सड़कों के ऊपर से गुजर रहे झूलते व ढीले तारों को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए और जर्जर पोल व ढीले तारों को दुर्घटनाओं का कारण बताते हुए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
सरकारी भवनों पर लंबित विद्युत बकाया को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को प्रस्ताव भेजकर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि अधिकारी स्वयं आख्या का अवलोकन करने के बाद ही शिकायतों का निस्तारण करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत वाई.पी. सिंह तथा प्रभारी नेडा प्रेम प्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।