*गली की गंदगी को लेकर विवाद बना बवाल, जिला पंचायत सदस्य समेत तीन पर मुकदमा दर्ज!*

News 18 Plus /Bureau: Sindooriya 

महराजगंज जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र में गली की साफ-सफाई को लेकर हुआ मामूली विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। इस मामले में पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मिठौरा टोला हड़तोड़वा निवासी महेंद्र यादव ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि बीते 20 जुलाई की रात करीब 8 बजे गली में फैली गंदगी को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर गांव के ही हरिनाथ यादव, उनकी पत्नी रंजना देवी और पुत्र चमन यादव ने विवाद करते हुए महेंद्र यादव व उनके भाई राम नवल यादव पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

 

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान दोनों भाइयों को हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। साथ ही आरोपियों द्वारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।

 

इस संबंध में सिंदुरिया थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *