*सिसवा में व्यापार मंडल की जिला कार्यसमिति बैठक सम्पन्न,सिसवा को तहसील’ बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित!*

News 18 Plus /Bureau: Sisawa,

 

महराजगंज। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल जनपद महराजगंज की जिला कार्यसमिति की बैठक रविवार को सिसवा बाजार स्थित सिल्वर फीनिक्स अतिथि भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले के विभिन्न नगरों से आए व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, सुझावों और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की तथा संगठन की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

 

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेश रूंगटा ने की, जबकि संचालन जिलामहामंत्री प्रमोद जायसवाल ने किया। कार्यक्रम के संयोजक सिसवा नगर अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा रहे।

 

बैठक में महराजगंज, फरेंदा, पुरैना, नौतनवा, मिठौरा, घुघली, सिसवा, ठूठीबारी और निचलौल सहित जिले के सभी प्रमुख नगरों के व्यापारियों ने भाग लिया। इस दौरान आगामी 9 अगस्त को दिल्ली में आयोजित होने वाले व्यापारी सम्मेलन में महराजगंज से बड़ी संख्या में व्यापारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

 

बैठक का प्रमुख आकर्षण सिसवा बाजार को तहसील बनाए जाने का प्रस्ताव रहा। जिलामहामंत्री प्रमोद जायसवाल ने प्रस्ताव रखते हुए कहा कि जिले की सबसे पुरानी नगर पंचायत होने के बावजूद सिसवा अपेक्षित विकास से वंचित है। इस पर उपस्थित सभी व्यापारियों ने दोनों हाथ उठाकर एक स्वर में प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया।

 

वहीं, नौतनवा के व्यापारियों ने नौतनवा रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई। इस पर जिलाध्यक्ष सुरेश रूंगटा ने कहा कि व्यापारियों की सभी समस्याओं और मांगों को आवश्यकता पड़ने पर जिला प्रशासन के साथ-साथ प्रदेश नेतृत्व के समक्ष भी मजबूती से रखा जाएगा।

 

उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नगर इकाई में व्यापक सदस्यता अभियान चलाने पर जोर दिया। बैठक के दौरान चंदन सोनी को युवा व्यापार मंडल सिसवा का नगर अध्यक्ष मनोनीत किए जाने की घोषणा भी की गई तथा उन्हें अपनी टीम गठित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

 

बैठक में सुरेश रूंगटा, प्रमोद जायसवाल, जय प्रकाश भालोटिया, जितेंद्र वर्मा, रोशन लाल वर्मा, हरिराम भालोटिया, बाबूलाल अग्रवाल, शिवजी सोनी, योगेश जायसवाल, राजेंद्र पटेल, सुधाकर पटेल, किशन जायसवाल, धर्मवीर सोनी, बृजकिशोर जायसवाल, दिनेश सोनी, रामचंद्र रावत, मनोज पुरी, अमित पुरी, उदित नारायण, नदीम अब्बासी, दयाराम मोदनवाल, राधेश्याम सिंह, ओमप्रकाश वर्मा, राजाराम जायसवाल, जयराम सिंह, अंकुर अग्रवाल, चंदन सोनी, सुनील केसरी, अमरेंद्र मल्ल, वैष्णो सोनी, काली जायसवाल, उमाशंकर जायसवाल, आशीष अग्रवाल, बिपिन जायसवाल, शैलेश पांडे सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *