News 18 Plus/ Bureau /Nichlaul
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शीतलपुर पुलिस चौकी और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सीमा क्षेत्र में चल रही सघन निगरानी के दौरान ग्राम मटरा धमऊर स्थित एक खेत से 7 बोरा यूरिया खाद बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने खाद को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
शीतलपुर चौकी प्रभारी सूरज तिवारी ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी की रोकथाम के लिए पुलिस एवं एसएसबी द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मिली सूचना के आधार पर ग्राम मटरा धमऊर के एक खेत में छापेमारी की गई, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में छिपाकर रखा गया 7 बोरा यूरिया बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया मामला सीमा पार तस्करी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस और एसएसबी की सतर्कता तथा बेहतर समन्वय के कारण यह कार्रवाई सफल रही। सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बरामदगी करने वाली संयुक्त टीम में चौकी प्रभारी सूरज तिवारी, हेड कांस्टेबल अक्षय कुमार, कांस्टेबल अजीत कुमार, कांस्टेबल विजय पांडेय तथा कांस्टेबल विवेक पांडेय सहित एसएसबी के जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि बरामद यूरिया के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है। तस्करी में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और एसएसबी का संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।