Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj
सीसीटीवी निगरानी से लेकर अभ्यर्थियों की तलाशी तक का लिया जायजा, नकलविहीन परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट।
महराजगंज। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। रविवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की पड़ताल की।
डीएम और एसपी ने जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज, जी.एस.वी.एस. इंटर कॉलेज तथा राजकीय कन्या इंटरमीडिएट कॉलेज महराजगंज समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता जांचने के साथ ही परीक्षा कक्षों और परिसर में निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के प्रवेश, तलाशी प्रक्रिया तथा परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी व्यवस्था को भी परखा गया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और संबंधित अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अनियमितता की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
जिले में पीईटी-2026 के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन के लिए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त निगरानी जारी रही। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की सक्रियता से परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों में भी सतर्कता बनी रही।