ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
न्यूज 18प्लस सह संपादक
महराजगंज, 25 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और जवाबदेही को लेकर सख्त रुख देखने को मिला। बैठक के दौरान डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जननी सुरक्षा योजना, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, हेमोग्लोबिन स्तर, अल्ट्रासाउंड, संस्थागत प्रसव, बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र, एनसीडी, आयुष्मान कार्ड और क्षय रोग उन्मूलन जैसे अहम बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक शत-प्रतिशत पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।
झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्ती के निर्देश
जिलाधिकारी ने अवैध अस्पतालों, पैथोलॉजी सेंटर, मेडिकल स्टोरों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस पर प्रभावी रोक सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
लापरवाही पर सीधे कार्रवाई की चेतावनी
टीकाकरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने सुपरवाइजरों को क्षेत्र में सक्रिय रूप से भ्रमण करने का निर्देश दिया। लापरवाही बरतने वालों को चिन्हित कर कारण बताओ नोटिस जारी करने और समयसीमा में सुधार न होने पर सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई के निर्देश दिए।
नौतनवा क्षेत्र की खराब प्रगति पर बीपीएम और बीसीपीएम को नोटिस जारी करने तथा एक माह में सुधार न होने पर सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए गए।
जननी सुरक्षा योजना में पिछड़े क्षेत्रों को फटकार
रतनपुर (नौतनवा), पनियरा और बृजमनगंज की खराब प्रगति पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और सीएमओ को सुधार के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।डेटा फीडिंग और दवा वितरण पर विशेष जोर
डीएम ने निर्देशित किया कि सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जनऔषधि केंद्रों की दवाएं ही मरीजों को लिखी जाएं। साथ ही एचएमआईएस, मंत्रा और यू-विन पोर्टल पर डाटा फीडिंग में शुद्धता और एकरूपता सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ की कमी दूर करने के निर्देश
जिन स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन स्टाफ के अभाव में नहीं हो पा रहा है, वहां तत्काल नियुक्ति के लिए प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।
हीट वेव से बचाव के लिए व्यापक तैयारी
गर्मियों को देखते हुए डीएम ने सभी अस्पतालों, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कूलिंग सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों और परिजनों के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।स्कूलों में बच्चों को हीट वेव से बचाव के प्रति जागरूक करने और उथले हैंडपंपों के रीबोर के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।