*तेज रफ्तार वैगनआर का कहर: बाइक सवार वृद्ध का पैर कटा, हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर।*

Bureau Report/ Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor 

 

परतावल/महराजगंज श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। दवा लेने जा रहे एक वृद्ध की बाइक को महराजगंज से गोरखपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वृद्ध का दायां पैर लगभग कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा श्यामदेउरवा निवासी अयोध्या गुप्ता (60 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय श्यामसुंदर गुप्ता अपनी बाइक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्यामदेउरवा दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर मुड़ते समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को एंबुलेंस की सहायता से तत्काल मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजवाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना कार की तेज रफ्तार के कारण हुई।

 

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को पुलिस ने कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *