Bureau Report /Dilip Kumar Pandey Sinduriya /Correspondent /News 18 Plus
थाना दिवस की चौखट से मिला न्याय, लेकिन सिंदुरिया पुलिस पर उठे गंभीर सवाल!
महाराजगंज जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चिउटहां गांव में जमीन विवाद का मामला अब नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। पीड़ित देवेंद्र दुबे पुत्र राम कृपाल दुबे ने बताया कि थाना दिवस में प्रार्थना पत्र देने और मामला मीडिया में उजागर होने के बाद आखिरकार उसे न्याय मिला। मामले में दूसरा पक्ष सुमित सिंह पुत्र रविंद्र सिंह बताया जा रहा है।
हालांकि न्याय मिलने के साथ ही सिंदुरिया पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि थाना प्रभारी विशाल शुक्ला एवं चिउटहां चौकी प्रभारी मनोज यादव द्वारा दूसरे पक्ष से लेन-देन किए जाने की चर्चा रही। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन यदि आरोपों में सच्चाई है तो यह कानून व्यवस्था और पुलिस की निष्पक्षता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
“दलालों का अड्डा बनता थाना?”
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि सिंदुरिया थाना कथित तौर पर दलालों के प्रभाव में संचालित हो रहा है। सूत्रों की मानें तो कई मामलों में फरियादियों को सीधे पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बजाय कथित बिचौलियों का सहारा लेना पड़ता है। चर्चा यह भी है कि थाने में एक तथाकथित “काराखास” की भूमिका लगातार बढ़ रही है, जिसके माध्यम से कई काम कराए जाने की बातें क्षेत्र में कही जा रही हैं।
कुछ दिन में ही चर्चा के केंद्र में थाना प्रशासन
हाल ही में तैनात अधिकारियों के कार्यकाल को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं आम हैं। सवाल यह उठ रहा है कि क्या सिंदुरिया थाना निष्पक्ष कानून व्यवस्था का केंद्र बनेगा या फिर आरोपों और विवादों के साए में ही काम करता रहेगा?
जनता पूछ रही है जवाब
क्षेत्र में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जमीन विवाद में न्याय मिलने के बाद पुलिस पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी या नहीं? क्या उच्चाधिकारी इन गंभीर आरोपों का संज्ञान लेंगे, या फिर सब कुछ फाइलों में दबकर रह जाएगा?
फिलहाल, सिंदुरिया थाना एक बार फिर सुर्खियों में है और जनता की निगाहें अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।पुलिस अधिकारियों पर लगाए गए आरोप संबंधित पक्षों के बयान पर आधारित हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।