ब्यूरो रिपोर्ट: राजीव त्रिपाठी सिसवा
जनपद महराजगंज के सिसवा क्षेत्र स्थित एसएसआईसी करमही विद्यालय में शनिवार को मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) महोदया उपस्थित रहीं। उनके करकमलों द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 40 से अधिक छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। विद्यार्थियों की उपलब्धियां न केवल उनके परिवार बल्कि विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय हैं। अधिकारियों ने छात्रों को आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रबंधक अजय कुमार मिश्रा एवं प्रधानाचार्य विजय कुमार मिश्रा ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्रों से मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मनीष पांडेय, राकेश गुप्ता, अर्चना पाठक, भास्कर पांडेय सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर सफलता के लिए शुभाशीष प्रदान किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस सम्मान समारोह का माहौल उत्साह और गौरव से भरा रहा। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। समारोह के अंत में सभी ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।