*कॉलेज की छत पर प्रशिक्षक की संदिग्ध मौत, सिर में गोली लगने से सनसनी!*

Bureau Report /Dilip Kumar Pandey Maharajganj /Correspondent /News 18 Plus 

परिजन बोले– हत्या हुई, पुलिस आत्महत्या के एंगल पर जांच में जुटी; छत से मिला अवैध तमंचा बढ़ा रहा रहस्य?

 

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र स्थित विश्वशांति निकेतन डिग्री कॉलेज में गुरुवार देर रात एक कौशल विकास प्रशिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह कॉलेज परिसर की छत पर उसका शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवक के सिर में गोली लगी थी, जबकि शव के पास से एक अवैध देशी तमंचा भी बरामद हुआ। घटना को लेकर जहां परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।

मृतक की पहचान कुशीनगर जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र के कुसमा बिरौली निवासी 23 वर्षीय अजय यादव पुत्र केशव यादव के रूप में हुई है। वह पिछले करीब छह माह से जेआईटीएम संस्था के माध्यम से संचालित कौशल विकास कार्यक्रम के तहत हेल्थ केयर (नर्सिंग) का प्रशिक्षण दे रहा था। बताया जा रहा है कि उसका अंतिम प्रशिक्षण बैच 27 जून को पूरा हुआ था।

पुलिस के अनुसार देर रात करीब तीन बजे गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दी थी। उसी छत पर कुछ दूरी पर एक दाई और सात छात्राएं भी सो रही थीं। आवाज सुनने के बाद सभी घबराकर नीचे उतर आए। सुबह जब दोबारा छत पर पहुंचे तो अजय का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी।

घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी, क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम, श्यामदेउरवा थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह तथा फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के साथ छात्राओं, कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की।

मृतक के परिजनों ने घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। दूसरी ओर कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि परिसर में केवल प्रशिक्षण केंद्र संचालित करने के लिए स्थान उपलब्ध कराया गया था और प्रशिक्षण का संचालन जेआईटीएम संस्था के माध्यम से किया जा रहा था।

क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने बताया कि शुरुआती जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के बाद ही निकाला जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक के पास अवैध तमंचा कैसे पहुंचा, इसकी भी अलग से जांच की जा रही है।

फिलहाल कॉलेज परिसर में हुई इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिनसे यह साफ हो सकेगा कि यह आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *