पंचायत सचिवालय का ताला तोड़कर इनवर्टर-बैटरी चोरी! सुबह सचिवालय पहुंचे पंचायत सहायक ने देखा टूटा दरवाजा, ग्राम प्रशासक ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग।

न्यूज़ 18 प्लस ब्यूरो/निचलौल

 

महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सभा करमहिया स्थित पंचायत सचिवालय भवन को अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। चोर रात में सचिवालय का ताला और कुंडी तोड़कर अंदर दाखिल हुए और ग्राम सभा के कार्यों में उपयोग होने वाला इनवर्टर व बैटरी चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी सुबह सचिवालय खुलने पर हुई।

 

ग्राम प्रशासक गंगोत्री देवी पत्नी घनश्याम यादव की ओर से पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 9 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने पंचायत सचिवालय के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद वहां रखा इनवर्टर और बैटरी लेकर फरार हो गए।

 

10 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे पंचायत सहायक सर्वेश निषाद सचिवालय में कार्य करने पहुंचे। दरवाजा टूटा देखकर उन्होंने अंदर जाकर जांच की तो इनवर्टर और बैटरी गायब मिले। पंचायत सहायक ने तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रशासक को दी।

 

इसके बाद ग्राम प्रशासक की ओर से निचलौल पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने, चोरी हुए सामान की बरामदगी तथा अज्ञात आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *