Bureau Report /Rajiv Tripathi Siswa Kothibar /News 18 Plus /Chief Editor
महराजगंज कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम सोहट से एक युवक के पिछले एक साल से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो पीड़ित पिता ने थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सोहट निवासी रविन्द्र नाथ विश्वकर्मा का 30 वर्षीय पुत्र श्रद्धानन्द विश्वकर्मा 02 फरवरी 2024 को घर से रोजगार के सिलसिले में चंडीगढ़ गया था। 01 अप्रैल 2024 तक परिजनों की उससे मोबाइल फोन के जरिए बातचीत होती रही, लेकिन उसके बाद से उसका फोन बंद हो गया और संपर्क पूरी तरह टूट गया।
परिजनों ने अपने स्तर पर चंडीगढ़ और अन्य संभावित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर पिता रविन्द्र नाथ विश्वकर्मा ने कोठीभार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। लापता युवक का रंग सांवला और लंबाई करीब 5 फीट बताई गई है।
पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी का मामला (जीडी नंबर 042) दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप-निरीक्षक संदीप कुमार को सौंपी गई है, जो युवक की तलाश में जुट गए हैं।थाना प्रभारी अखिलेश कुमार वर्मा का वर्ज़न:
“गुमशुदगी की सूचना प्राप्त होने पर थाना कोठीभार में नियमानुसार मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच टीम गठन उप-निरीक्षक सौंपी गई है। युवक की तलाश के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उसके मोबाइल नंबर, संभावित ठिकानों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। यदि किसी भी व्यक्ति को युवक के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो वह तत्काल थाना कोठीभार या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है और मामले का शीघ्र खुलासा करने के लिए सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।