Bureau Report /Rakesh Tripathi /Sinduriya News 18 Plus /Chief Editor
महराजगंज जनपद के थाना सिन्दुरिया पुलिस की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए राह भटकी एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं स्वावलम्बन को लेकर चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत यह सराहनीय कार्य किया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे थाना सिन्दुरिया क्षेत्र के हरिहरपुर नहर पुलिया के पास एक नाबालिग लड़की अकेले घूमती दिखाई दी। क्षेत्र में गश्त कर रही मिशन शक्ति टीम ने तत्परता दिखाते हुए बालिका को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की।
पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह ग्राम सिसवा बाजार, थाना कोठीभार, जनपद महराजगंज की निवासी है। इसके बाद पुलिस टीम बालिका को थाना सिन्दुरिया लेकर पहुंची, जहां महिला पुलिसकर्मियों द्वारा उसकी काउंसलिंग की गई।
थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका के परिजनों का पता लगाकर उनसे संपर्क स्थापित किया। थाने पहुंचे परिजनों ने बालिका की पहचान की, जिसके बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर उसे सकुशल माता-पिता को सुपुर्द कर दिया गया।
अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने महराजगंज पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना की।