ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 18 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में तहसील फरेंदा सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जन शिकायतों की सुनवाई प्राथमिकता के आधार पर की गई।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 39 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का निस्तारण जिलाधिकारी ने मौके पर ही कर दिया। शेष मामलों के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतकर्ता निस्तारण से संतुष्ट नहीं है तो लेखपाल, राजस्व कानूनगो व अन्य अधिकारियों से स्वतंत्र जांच कराई जाए। जांच रिपोर्टों में समानता होने पर प्रकरण को उच्चाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भूमि विवादों में त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जन शिकायतों की सुनवाई करें और उनका प्रभावी समाधान करें। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री का कार्य न्याय पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
गर्मी के मौसम को देखते हुए नगर क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को गौशालाओं में संरक्षित करने, उनके लिए चारा-पानी व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी संबंधित नोडल अधिकारियों को दिए गए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम फरेंदा शैलेन्द्र गौतम, तहसीलदार फरेंदा वशिष्ठ वर्मा, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, डीआईओएस पी.के. शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।