*मुख्यमंत्री से मिले महराजगंज बार के प्रतिनिधि, आधुनिक बार भवन व लाइब्रेरी निर्माण की मांग पर मिला आश्वासन!*

News 18 Plus/ Bureau /Maharajganj 

 

महराजगंज:जनपद के अधिवक्ताओं की लंबे समय से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन, महराजगंज का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिला। इस दौरान अधिवक्ताओं ने बार सभागार और अत्याधुनिक पुस्तकालय भवन के निर्माण की प्रमुख मांग उठाई।

 

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पूर्व अध्यक्ष रमेश मिश्रा, पूर्व महामंत्री एवं जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) बृजेंद्र नाथ त्रिपाठी और वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार सिंह सहित कई गणमान्य अधिवक्ता शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान में उपलब्ध संसाधन अधिवक्ताओं की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप पर्याप्त नहीं हैं, जिससे अध्ययन, विधिक शोध और बैठकों के संचालन में दिक्कतें आती हैं।

 

अधिवक्ताओं ने बताया कि आधुनिक बार भवन और सुसज्जित पुस्तकालय बनने से न्यायिक कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होगा और अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण मिल सकेगा। इस पर मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख अपनाया और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।

 

मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इसे अधिवक्ताओं के हित में बड़ा कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

बार एसोसिएशन के महामंत्री प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सरकार के सकारात्मक संकेत से अधिवक्ताओं में नई ऊर्जा और उम्मीद जगी है, जिससे लंबे समय से लंबित इस मांग के जल्द पूरा होने की संभावना बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *