News 18 Plus/ Bureau: Thuthibari (Maharajganj)
महराजगंज जनपद के ठूठीबारी क्षेत्र से बुधवार देर शाम एक बड़ी खबर सामने आई, जहां लोहरौली ढाला के पास एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार मारुति डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और खेत में बनी दीवार से टकराते हुए पलट गई। गनीमत रही कि चालक की जान बाल-बाल बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मारुति डिजायर कार संख्या UP56Y2213 तेज गति से ठूठीबारी की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन लोहरौली ढाला के पास पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सड़क से नीचे उतरकर खेत में जा घुसी और दीवार से टकराकर पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक एसएसबी का जवान बताया जा रहा है, जिसकी तैनाती ठूठीबारी बॉर्डर पर है। स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि चालक नशे की हालत में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही ठूठीबारी पुलिस के कांस्टेबल दिलीप यादव और कांस्टेबल रामू गौड़ मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे सकुशल ठूठीबारी पहुंचाया।
हादसे में वाहन को काफी क्षति पहुंची है, लेकिन राहत की बात यह रही कि चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और न ही किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान पहुंचा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की मुस्तैदी और मानवीय पहल की जमकर सराहना की है। समय रहते पुलिस की सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे क्षेत्र में राहत की सांस ली गई।