News 18 Plus/ Bureau: Nichlaul (Maharajganj)
जनपद महाराजगंज के निचलौल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शुक्रवार को उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी निचलौल के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र के विभिन्न होटलों, सरायों तथा स्वर्ण आभूषणों की दुकानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की गई और उनकी कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने होटल व सराय संचालकों को निर्देशित किया कि आने-जाने वाले ग्राहकों का पूरा विवरण रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज करें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। वहीं ज्वेलरी दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, कैमरों को हमेशा चालू रखने और फुटेज को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
अभियान के क्रम में अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र में पैदल गश्त भी किया, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। पुलिस टीम ने लोगों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी जागरूकता भी बढ़ाई।
प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस तरह की चेकिंग और गश्त आगे भी लगातार जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।