ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी /महाराजगंज
न्यूज 18प्लस/मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 25 अप्रैल 2026 जनपद में अपराध एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई, वहीं संदिग्ध व्यक्तियों की भी सघन चेकिंग की गई।
यातायात अभियान के तहत दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, बिना हेलमेट चलने, बिना लाइसेंस वाहन चलाने, सवारी वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और तेज गति से वाहन चलाने जैसे मामलों में कुल 644 वाहनों का चालान किया गया।
वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से 58 व्यक्तियों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान किया। साथ ही उन्हें भारी जमानत मुचलके से पाबंद किया गया।
“मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुए उन्हें सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति प्रेरित किया।पुलिस द्वारा पैदल गश्त भी लगातार जारी है। इस दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों, बैंकों, एटीएम और ग्राहक सेवा केंद्रों के आसपास सघन चेकिंग की गई। व्यापारियों व आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा अतिक्रमण हटाने में सहयोग की अपील की गई, ताकि यातायात सुगम हो सके।इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने थानों में शांति समिति की बैठक कर संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित किया और आपसी सौहार्द बनाए रखने व अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
लंबित मामलों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न थानों द्वारा 27 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया। वहीं बीते 24/25 अप्रैल के दौरान विभिन्न मामलों में 58 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस सक्रिय कार्यशैली से जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।