न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: महराजगंज
महराजगंज: पुलिस लाइन परिसर में बुधवार को यूपी-112 सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 18 दोपहिया पुलिस वाहनों को रवाना किया गया। विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के उपरांत पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा हरी झंडी दिखाकर वाहनों को जनपद के विभिन्न थानों के लिए रवाना किया गया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा गया कि यूपी-112 सेवा आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्यरत है। दोपहिया वाहनों के संचालन से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संकरी गलियों तथा ग्रामीण इलाकों में पुलिस की पहुंच और रिस्पॉन्स समय में तेजी आएगी।
जनपद के थाना कोतवाली, घुघली, पनियरा, फरेंदा, बृजमनगंज, पुरंदरपुर, पुरुषपुर, कोल्हुई, सोनौली, नौतनवा, परसामलिक, बरगदवा, ठूठीबारी, निचलौल, कोठीभार एवं चौक समेत विभिन्न थानों को कुल 18 यूपी-112 दोपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए।
वाहनों के विधिवत पूजन के बाद उन्हें संबंधित थानों के लिए रवाना किया गया। इस पहल से कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा की भावना को भी बल मिलेगा।