न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: महाराजगंज
तेज रफ्तार में अनियंत्रित हुआ एक भारी-भरकम मिक्सर डंपर सड़क किनारे स्थित मकान से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, पास स्थित दुकान को भी काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
टक्कर से मकान-दुकान को भारी नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और डंपर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। जोरदार टक्कर से मकान की दीवारों समेत सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की चपेट में आने से सड़क किनारे स्थित दुकान को भी काफी नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सुबह घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने क्षतिग्रस्त मकान और दुकान को देखा तो हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया।
दो क्रेनों ने घंटों की मशक्कत के बाद हटाया डंपर
दुर्घटना के बाद भारी-भरकम डंपर मकान में फंस गया था। उसे हटाना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे दो बड़ी क्रेनों को मौके पर बुलाया गया। कई घंटे तक चली मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त डंपर को मकान से बाहर निकाला जा सका।
इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। डंपर हटाए जाने के बाद सड़क पर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।