*स्काउटिंग को मिलेगी नई रफ्तार: हर विद्यालय में बनेगा स्काउट-गाइड दल, डीआईओएस ने दिए सख्त निर्देश!*

News 18 Plus /Bureau: Maharajganj

महराजगंज। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, उत्तर प्रदेश जनपद महराजगंज की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला मुख्यायुक्त प्रदीप कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ अपराह्न 3:30 बजे स्काउट प्रार्थना के साथ हुआ। बैठक में जनपद में स्काउटिंग गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।

 

बैठक में बेसिक कोर्स के आयोजन, विद्यालयों में स्काउट-गाइड दल के पंजीकरण एवं नवीनीकरण, बालक-बालिकाओं के प्रगतिशील प्रशिक्षण, राज्य पुरस्कार शिविर के आयोजन तथा प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला मुख्यायुक्त प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि जनपद के प्रत्येक विद्यालय में स्काउट-गाइड दल का पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। साथ ही प्रत्येक विद्यालय में प्रशिक्षित स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि स्काउटिंग गतिविधियों का संचालन व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से हो सके। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शीघ्र ही विभागीय सर्कुलर जारी किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि स्काउटिंग बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इसलिए जनपद के अधिक से अधिक विद्यालयों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

 

वरिष्ठ लीडर ट्रेनर एवं जिला आयुक्त (वयस्क संसाधन) हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों के सर्वांगीण विकास की प्रभावी प्रणाली है। उन्होंने प्रशिक्षकों से आह्वान किया कि वे बालक-बालिकाओं के प्रगतिशील प्रशिक्षण, कौशल विकास और चरित्र निर्माण पर विशेष ध्यान दें, जिससे छात्र भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।

 

बैठक में जिला कमिश्नर स्काउट विजय प्रताप सिंह, जिला सचिव संजय कुमार मिश्र, जिला कोषाध्यक्ष आफताब आलम खान, जिला कमिश्नर रोवर डॉ. सत्यप्रकाश, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बाली के प्रधानाचार्य गिरिजा शंकर अग्रवाल, सहायक कमिश्नर स्काउट रमेश सिंह, वरिष्ठ लीडर ट्रेनर सुरेश प्रसाद तिवारी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट दीनदयाल शर्मा, जिला संगठन आयुक्त स्काउट शशांक कुमार गुप्त, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड मौसम, सहायक लीडर ट्रेनर उमेश कुमार गुप्त, जिला संगठन आयुक्त गाइड नीलम त्रिपाठी तथा प्रशिक्षक रोहन यादव, नितिन कुमार और रिया जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *