Bureau Report /Dilip Kumar Pandey/ Sunauli Correspondent /News 18Plus
महराजगंज, 10 जून 2026: भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने 2.30 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (उच्च गुणवत्ता का गांजा) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान 9 जून की रात सीमा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उसके पास से महंगी मादक सामग्री बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. इदरीश (34 वर्ष), निवासी रामनाथपुरम, तमिलनाडु के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना सोनौली में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/23 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद हाइड्रोपोनिक वीड अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्करी किए जाने वाला बेहद महंगा नशीला पदार्थ है।
पुलिस अब इस मामले से जुड़े अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई में पुलिस व एसएसबी के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।