News 18 Plus Bureau: Rakesh Tripathi Maharajganj /Chief Editor
महराजगंज में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित बुद्धा सभागार में जिला प्रशासन, राज्य कर विभाग एवं सर्राफा व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सोने के आयात में कमी लाने तथा पुराने स्वर्ण के पुनः उपयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील बदलती वैश्विक परिस्थितियों और संभावित आर्थिक चुनौतियों को ध्यान में रखकर की गई है। उन्होंने कहा कि यह एक स्वैच्छिक पहल है, जिसका उद्देश्य देशहित में सोने के आयात पर निर्भरता कम करना और आर्थिक संतुलन बनाए रखना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आभूषणों की बिक्री पूर्ववत जारी रहेगी, क्योंकि इससे लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। सरकार का उद्देश्य व्यापारिक गतिविधियों को प्रभावित करना नहीं, बल्कि अनावश्यक आयात पर नियंत्रण स्थापित करना है।
बैठक में पुराने एवं अनुपयोगी सोने के पुनर्निर्माण और रिडिजाइन को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। उपायुक्त राज्य कर मनोज विश्वकर्मा ने कहा कि घरों में पड़े पुराने सोने को नए आभूषणों के रूप में तैयार कराया जा सकता है, जिससे आयातित सोने पर निर्भरता कम होगी और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सर्राफा व्यापारियों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, उपायुक्त राज्य कर मनोज विश्वकर्मा, चन्द्रशेखर वर्मा, सहायक आयुक्त प्रियंका श्रीवास्तवा, राज्य कर अधिकारी पूजा पाल, भानु प्रताप सिंह, प्रवेश कुमार सहित कई व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।