*अमृत सरोवर पर गूंजा योग का संदेश, हजारों ने किया सामूहिक अभ्यास,विधायक ऋषि त्रिपाठी बोले— योग भारत की पहचान, स्वस्थ जीवन का आधार!*

Bureau Report) News 18 Plus /Nauntanwa 

नौतनवा(महराजगंज)दिनांक: 21 जून 2026 रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नौतनवा नगर पालिका परिषद द्वारा तहसील परिसर स्थित अमृत सरोवर पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां सुबह की पहली किरण के साथ ही पूरा परिसर योगमय वातावरण में डूब गया।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक ऋषि त्रिपाठी ने सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने एक साथ योग कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

 

योग प्रशिक्षक एडवोकेट रश्मि गुप्ता के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए नियमित अभ्यास की आवश्यकता बताई।

 

इस अवसर पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि 21 जून का दिन न केवल वर्ष का सबसे लंबा दिन होता है, बल्कि आज यह विश्वभर में स्वास्थ्य और संतुलन का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो आज पूरी दुनिया को निरोग जीवन का मार्ग दिखा रहा है।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि योग को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से परिवार और समाज में योग की संस्कृति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

 

इस आयोजन में ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, उपजिलाधिकारी नवीन कुमार, तहसीलदार करण सिंह, अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *