Bureau Report: Sarvesh Chaturvedi /News 18 Plus/ Correspondent/ Gorakhpur
गोरखपुर के बिछिया क्षेत्र स्थित बघेल मैरिज लान में शुक्रवार रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब खाने के दौरान हुई मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। मनबढ़ युवकों ने एक युवक के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी, पानी टंकी के पास रहने वाले युवक की बरात बिछिया के ताड़ीखाना इलाके में स्थित बघेल मैरिज लान में आई थी। रात में बराती भोजन कर रहे थे, तभी कपड़ों पर भोजन गिरने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान कुछ दबंग युवकों ने सुमित कुमार पर हमला कर दिया और उसके पेट में चाकू घोंप दिया। घटना के बाद मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुमित कुमार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शादी का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
बताया जा रहा है कि मृतक सुमित कुमार की शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी। उसकी मां रेलवे में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।