न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/कोठीभार
महराजगंज। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत थाना कोठीभार की मिशन शक्ति, एंटी रोमियो एवं साइबर टीम ने मंगलवार को थाना क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय कोठीभार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं छात्राओं को नए कानूनों तथा साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक नेहा कुमारी, महिला उपनिरीक्षक पूजा यादव, कांस्टेबल दीपक यादव एवं महिला कांस्टेबल निशा ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। टीम ने बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की।
जागरूकता अभियान के दौरान महिला हेल्पलाइन 181, 1090, 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सखी वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट और मिशन शक्ति से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
टीम ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता फैलाते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, साइबर धोखाधड़ी और अन्य डिजिटल अपराधों से सतर्क रहने तथा किसी घटना की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
पुलिस टीम ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।