न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज
महराजगंज, 08 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) से पूर्व मतदाता सूची में दर्ज रहे, लेकिन वर्तमान निर्वाचक नामावली में शामिल न हो पाए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत छूटे हुए मतदाताओं के साथ-साथ प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली की तुलना विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पूर्व की निर्वाचक नामावली और पूरक सूचियों से की जाएगी। इस दौरान ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा, जिनके नाम पूर्व की मतदाता सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हैं।
चिन्हित मतदाताओं के घर-घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 के माध्यम से उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी। बीएलओ प्रत्येक सप्ताह न्यूनतम 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क कर अभियान को गति देंगे। वहीं, प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं से फॉर्म-6 भरवाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
तुलनात्मक सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ साझा किया जाएगा, ताकि छूटे हुए पात्र मतदाताओं को नामांकन का अतिरिक्त अवसर मिल सके। अभियान के अंत में तैयार सूची का पुनः सत्यापन भी कराया जाएगा।
मतदाता पंजीकरण के लिए बूथ स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। आवश्यकता के अनुसार रात्रि आश्रय स्थलों समेत अन्य स्थानों पर भी पात्र नागरिकों के पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी। आश्रयहीन लोगों, श्रमिक बस्तियों में रहने वाले तथा मुख्यधारा से पृथक पात्र नागरिकों के नाम भी मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इसके लिए स्वीप कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।