*ध्वनि प्रदूषण और नियमों की अनदेखी पर सख्ती, उल्लंघन पर डीजे व वाहन सीज करने की चेतावनी।*

Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj 

 

महराजगंज। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में गुरुवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में डीजे संचालकों और साउंड सिस्टम स्वामियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

 

बैठकों में पुलिस अधिकारियों ने डीजे संचालकों को ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा मानकों से संबंधित शासन एवं सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। पुलिस ने नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कुल 600 डीजे संचालकों/मालिकों को विधिक नोटिस जारी किया।

 

पुलिस ने स्पष्ट किया कि डीजे और साउंड सिस्टम की आवाज निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर ही रखी जाए, ताकि बुजुर्गों, मरीजों और आम नागरिकों को परेशानी न हो। डीजे वाहनों पर बॉक्सों की संख्या सीमित रखने के साथ ही वाहन की लंबाई और ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए हैं। ओवरलोडिंग अथवा खतरनाक तरीके से साउंड सिस्टम फैलाने पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

 

जुलूस, शोभायात्रा और पूजा पंडालों में सांप्रदायिक, अश्लील या उत्तेजक गाने बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। पुलिस ने डीजे संचालकों को चेतावनी दी कि नोटिस और प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन मिलने पर साउंड सिस्टम एवं वाहन को तत्काल सीज किया जाएगा तथा संबंधित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

महराजगंज पुलिस ने पूजा समितियों, आयोजकों और नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था एवं निर्धारित नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *