Bureau Report/ Rakesh Tripathi /News 18 Plus/ Chief Editor /Nichlaul
निचलौल, महराजगंज। आगामी चेहलूम एवं श्रावण मास के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से निचलौल थाना परिसर में नवागत थाना प्रभारी योगेंद्र राय की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्षेत्र के विभिन्न धर्म गुरुओं व गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। थाना प्रभारी योगेंद्र राय ने सभी से संवाद करते हुए त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें और पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि कोई भी अराजक तत्व त्योहारों के माहौल को बिगाड़ न सके।
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
उल्लेखनीय है कि योगेंद्र राय इससे पूर्व फरेंदा थाने में प्रभार संभाल चुके हैं तथा उससे पहले परसामलिक थाने में भी थानाध्यक्ष के रूप में तैनात रह चुके हैं। इन स्थानों पर उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ ही भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, गश्त और जनसंवाद को प्रभावी ढंग से संचालित किया था।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और क्षेत्र में शांति व सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।