मिश्रौलिया में मिला तेंदुए का शव, दहशत में ग्रामीण; आपसी संघर्ष की आशंका!

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के अंतर्गत निचलौल रेंज के ग्राम मिश्रौलिया में शनिवार सुबह एक वर्षीय नर तेंदुए का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत की पगडंडी पर पड़े तेंदुए के शव को देखकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

 

बताया जा रहा है कि सुबह भोर में गांव की महिलाएं नित्यक्रिया के लिए खेतों की ओर जा रही थीं। इसी दौरान राजवंशी के गन्ने के खेत के पास चकरोड पर उन्हें तेंदुए का शव दिखाई दिया। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई।

 

ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार रात क्षेत्र में तेंदुओं की तेज दहाड़ें सुनाई दे रही थीं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि दो तेंदुओं के बीच हुए संघर्ष में यह घटना हुई हो सकती है। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय वनाधिकारी सुनील कुमार राव ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू कराया।

 

डीएफओ निरंजन सर्वे ने बताया कि मृत तेंदुए की उम्र लगभग एक वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके शरीर पर ऊपर और नीचे दांतों के गहरे निशान मिले हैं। घटनास्थल के आसपास बड़े नर तेंदुए के पैरों के निशान भी पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया बड़े तेंदुए के हमले में उसकी मौत होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

 

लगातार बढ़ रहीं घटनाओं से चिंता बढ़ी

गौरतलब है कि पिछले महीने भी निचलौल रेंज में तेंदुओं की मौत के कई मामले सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। विभाग अब क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और निगरानी तेज करने की तैयारी में है, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *