Bureau Report/ News 18 Plus /Nichlaul
पसंद के युवक से विवाह को लेकर परिजनों से हुआ था विवाद, दोबारा टावर पर चढ़ने की दी थी धमकी; निचलौल पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा।
जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम बैठवलिया में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची निचलौल पुलिस ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सकुशल नीचे उतरवा लिया। पुलिस की सक्रियता से एक संभावित हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर को डायल 112 के माध्यम से पुलिस को युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना निचलौल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किया। काफी समझाने के बाद युवती टावर से नीचे उतरने को तैयार हुई।
पूछताछ में युवती ने अपनी पसंद के युवक से विवाह करने को लेकर परिजनों से विवाद होने की बात बताई। साथ ही दोबारा टावर पर चढ़ने की धमकी देने की जानकारी भी सामने आई। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने युवती को समझाया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे वन स्टॉप सेंटर, महराजगंज भेज दिया गया, जहां काउंसलिंग के माध्यम से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, मामले में थाना निचलौल पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, कांस्टेबल रामआशीष यादव और कांस्टेबल विकास कुमार शामिल रहे।