महराजगंज में विकास कार्यों की समीक्षा, रामग्राम परियोजना में देरी पर सख्ती।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

महराजगंज, 02 जून 2026: जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को चौक स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर एवं रामग्राम परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिया कि मंदिर परिसर में यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए। इसके बाद उन्होंने सोनाड़ी देवी मंदिर का भी निरीक्षण किया और वहां पाथवे निर्माण तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था के लिए अतिरिक्त लाइटें लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

 

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने रामग्राम परियोजना का निरीक्षण किया। परियोजना कार्यों में हो रही देरी पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटन विभाग को परियोजना की अगली किश्त जारी कराने के लिए आवश्यक पत्राचार करने को कहा। उन्होंने निर्माणाधीन सरोवर की गहराई बढ़ाने हेतु अतिरिक्त खुदाई कराने के भी निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि रामग्राम परियोजना जनपद की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इसके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना के कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

 

बताया गया कि यह परियोजना यूपीपीसीएल द्वारा 7.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही है, जिसमें कैफेटेरिया, डॉरमेट्री, मेडिटेशन हॉल, टॉयलेट ब्लॉक और सरोवर सुंदरीकरण सहित विभिन्न कार्य शामिल हैं।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, पर्यटन अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जूनियर इंजीनियर सुनील मौर्य सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *