Bureau Report /News 18 Plus Abhishek Srivastava /Siswa
सिसवा नगरपालिका के सेनानी नगर वार्ड की होनहार छात्रा साक्षी कसेरा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट-2026 में शानदार सफलता हासिल कर पूरे महराजगंज जनपद का नाम रोशन किया है। साक्षी ने 720 में से 644 अंक प्राप्त करते हुए अखिल भारतीय रैंक (एआईआर) 1921 हासिल की है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
साक्षी एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता मनेश कसेरा (बबलू) व्यवसायी हैं, जबकि माता प्रीतिलता कसेरा गृहिणी हैं। बड़ी बहन आराधना कसेरा सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और छोटा भाई उज्ज्वल जेईई मेन्स की तैयारी कर रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिसका सुखद परिणाम आज पूरे जिले के सामने है।
साक्षी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई चोखराज तुलस्यान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिसवा से पूरी की। बचपन से ही मेधावी रही साक्षी का सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना था। इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने अनुशासित दिनचर्या, नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम को अपना मंत्र बनाया, जिसका परिणाम उन्हें देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता के रूप में मिला।
अपनी सफलता पर साक्षी ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और भाई के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा को दिया। उन्होंने कहा, “स्पष्ट लक्ष्य, दृढ़ संकल्प, अनुशासित तैयारी और निरंतर मेहनत ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।”
साक्षी अब एमबीबीएस की पढ़ाई कर एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
सिसवा की बेटी साक्षी कसेरा की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि महराजगंज जनपद के उन हजारों युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो मेडिकल और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का सपना देख रहे हैं।